झारखंड
⚡ BREAKING
42वीं डिस्ट्रिक्ट असेंबली में इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, रांची का शानदार प्रदर्शन, अनेक प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया
उत्कृष्ट नेतृत्व, सेवा कार्यों और संगठनात्मक उपलब्धियों के लिए क्लब की पदाधिकारियों व सदस्याओं को मिला सम्मान, समाज सेवा के प्रति जताई नई प्रतिबद्धता।
रांची। इनर व्हील डिस्ट्रिक्ट 325 की 42वीं डिस्ट्रिक्ट असेंबली (सत्र 2026–27) का भव्य आयोजन रांची स्थित बी.एन.आर. चाणक्य होटल में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ स्वर्णरेखा, रांची ने अपने उत्कृष्ट सेवा कार्यों, प्रभावी नेतृत्व एवं संगठनात्मक उपलब्धियों के बल पर अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम कर जिले में अपनी अलग पहचान बनाई।
कार्यक्रम में क्लब की डिस्ट्रिक्ट कोषाध्यक्ष नीता नारायण को उनके उत्कृष्ट कार्यों एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं सीजीआर माला श्रीवास्तव को उनके प्रभावी एवं प्रेरणादायी नेतृत्व के लिए विशेष सम्मान प्रदान किया गया। क्लब की अध्यक्षा सोमा भादुड़ी को पूरे सत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए "Efficient President" पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सचिव अर्चना त्रिवेदी को "Best Secretary", शालिनी सिन्हा को "Best ISO" तथा क्लब की एडिटर अनीता जायसवाल को श्रेष्ठ बुलेटिन एवं संपादकीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा क्लब की पूर्व अध्यक्षा दीपा चौहान को भी उनके उल्लेखनीय नेतृत्व एवं क्लब के प्रति विशेष योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
व्यक्तिगत सम्मानों के साथ-साथ क्लब को विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं, नवाचारपूर्ण कार्यक्रमों एवं उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए भी कई पुरस्कार प्राप्त हुए। इन उपलब्धियों ने क्लब की सक्रियता, सेवा भावना और संगठनात्मक क्षमता को नई पहचान दिलाई।
सम्मान प्राप्त होने पर क्लब की सभी सदस्याओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगी। क्लब ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक उत्थान से जुड़े जनहितकारी कार्यों को निरंतर गति देने का संकल्प दोहराया।