⚡ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

आर्थिक तंगी के बीच ममता के IAS बनने के सपने को मिला सहारा

Shashi Kant 06 Oct 2026, 06:12 AM 202 views
आर्थिक तंगी के बीच ममता के IAS बनने के सपने को मिला सहारा
सांसद मनीष जायसवाल ने दो साल की निःशुल्क कोचिंग की जिम्मेदारी ली, किसान की बेटी अब करेगी UPSC की तैयारी
बड़कागांव/हजारीबाग। आर्थिक तंगी किसी मेधावी विद्यार्थी के सपने के रास्ते में बाधा न बने, इसी उद्देश्य से हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने बड़कागांव प्रखंड के गोंदलपुरा निवासी ममता कुमारी की पढ़ाई में सहयोग का हाथ बढ़ाया है। आईएएस बनने का सपना देख रही ममता के लिए सांसद ने चाणक्या आईएएस एकेडमी में दाखिला कराने के साथ ही दो वर्षों की पूरी कोचिंग का खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है। ममता ने हिंदी विषय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की है। आईएएस की तैयारी के लिए उसने चाणक्या आईएएस एकेडमी की डेमो कक्षा में हिस्सा लिया था, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण कोचिंग की फीस उसके लिए बड़ी चुनौती बन गई थी। ममता के पिता प्रमोद महतो किसान हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी को उच्च शिक्षा दिलाने का प्रयास किया। कोचिंग में नामांकन के बाद मंगलवार को ममता अपने पिता के साथ हजारीबाग स्थित सांसद सेवा कार्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने सांसद मनीष जायसवाल को पुष्पगुच्छ भेंट कर सहयोग के लिए आभार जताया। ममता ने कहा कि आर्थिक परेशानी के कारण आगे की पढ़ाई जारी रखना मुश्किल हो रहा था, लेकिन सांसद के सहयोग से अब उसे आईएएस की तैयारी का अवसर मिला है। वह पूरी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य को हासिल करने का प्रयास करेगी। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा, “अगर पंख आपके हुनर के हैं तो उड़ान भरने का हौसला हम देंगे।” उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और मेधावी विद्यार्थियों को लक्ष्य हासिल करने में आर्थिक कठिनाई आती है तो वे यथासंभव सहयोग करते रहेंगे। ममता के लिए यह सहयोग न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि उसके आईएएस बनने के सपने को आगे बढ़ाने का एक नया अवसर भी है।