झारखंड
⚡ BREAKING
डिस्ट्रिक्ट मोड़ पर चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान, 111 वाहनों के कटे चालान
बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग, मोबाइल से ड्राइविंग और नो-पार्किंग के खिलाफ हजारीबाग पुलिस की कार्रवाई, अभियान रहेगा जारी
हजारीबाग, 18 सितंबर। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के आदेशानुसार शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट मोड़ में विशेष वाहन चेकिंग सह जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर ने किया। यातायात थाना प्रभारी के साथ पुलिस पदाधिकारियों और गृहरक्षकों की गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की जांच की और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। जांच के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 60, ट्रिपल लोडिंग के 20, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले 6 तथा नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 25 ऑटो, टोटो एवं अन्य वाहनों के चालान काटे गए।
पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की।
हजारीबाग पुलिस के अनुसार यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ इस तरह का विशेष चेकिंग सह जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।