झारखंड
⚡ BREAKING
चतरा में 12 वर्षीय बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि, CWC और पुलिस ने लिया संज्ञान
काउंसलिंग के बाद परिजन प्राथमिकी दर्ज कराने को तैयार, POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी
चतरा। जिले के लावालौंग थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के कथित यौन शोषण और गर्भवती होने का मामला सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) और पुलिस सक्रिय हो गई है। मामले की खबर प्रसारित होने के बाद एसपी अनिमेष नैथानी और एसडीपीओ सन्नी वर्धन के निर्देश पर सोमवार को CWC, सदर थाना और महिला थाना की टीम सदर अस्पताल पहुंची। टीम ने बच्ची और उसके परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने बच्ची के गर्भवती होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रक्तस्राव और दर्द की शिकायत के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से मामले की जानकारी पुलिस को भी लिखित रूप में दी गई है।
जीरो एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
CWC के अध्यक्ष नर्मदेश्वर सिंह के अनुसार, बच्ची और उसके माता-पिता की काउंसलिंग की गई है। इसके बाद परिजन प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तैयार हुए हैं। बच्ची और उसके माता-पिता के बयान के आधार पर सदर थाना में जीरो एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके बाद मामले को आगे की जांच के लिए लावालौंग थाना स्थानांतरित किया जाएगा।
गांव के युवक पर गंभीर आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ के दौरान गांव के ही एक युवक पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद युवक ने कथित तौर पर उसे गर्भपात की दवा दी, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
CWC अध्यक्ष ने बताया कि उपलब्ध तथ्यों और बच्ची के बयान के आधार पर पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।