⚡ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

चौपारण में ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, 10 से 12 लाख के सामान ले जाने की सूचना

Shashi Kant 26 Sep 2026, 08:02 AM 227 views
चौपारण में ज्वेलरी दुकान में बड़ी लूट, 10 से 12 लाख के सामान ले जाने की सूचना
हथियारबंद अपराधियों ने दुकानदार के घर में घुसकर परिजनों को बनाया बंधक, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार
हजारीबाग/चौपारण। चौपारण थाना क्षेत्र के सिंघरावां मोड़ से करीब 200 मीटर दूर लराही रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में शुक्रवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार अपराधी दुकानदार के घर में घुसे और परिजनों को बंधक बनाकर हथियार के बल पर घर व दुकान के लॉकर और अलमारी खुलवाई। इसके बाद अपराधी नकद राशि के साथ सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि बाद में एक मोबाइल फोन आसपास फेंका गया, जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी के पास स्विच ऑफ किए जाने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। वहीं, बरही डीएसपी के अनुसार शुरुआती जांच में करीब 10 से 12 लाख रुपये के सामान और नकदी की लूट की बात सामने आई है। हालांकि, लूट की वास्तविक राशि और सामान का आकलन जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस मामले में परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के बाद चौपारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस जल्द अपराधियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।