झारखंड
⚡ BREAKING
पांच माह बाद चोरी गई स्कॉर्पियो बरामद, दारू थाना पुलिस को मिली बड़ी सफलता
चार आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल, गुप्त सूचना के आधार पर मनेर थाना क्षेत्र से बरामद हुआ वाहन।
हजारीबाग। दारू थाना पुलिस ने वाहन चोरी के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग पांच माह पहले चोरी हुई स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया है। बरामद वाहन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके वास्तविक मालिक को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 2 फरवरी 2026 को ग्राम तिलैया से विजय बस के मालिक की स्कॉर्पियो (संख्या– JH 02 AL 9001) अज्ञात अपराधियों द्वारा चोरी कर ली गई थी। घटना के बाद दारू थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों—अशरफ अली, जितेंद्र कुमार, शेख राज तथा मोहम्मद जॉनी उर्फ समीर—की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बावजूद पुलिस चोरी गए वाहन की तलाश में लगातार जुटी रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दारू थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 जुलाई 2026 को चोरी गई स्कॉर्पियो को मनेर थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया गया।
बरामद वाहन की पहचान वादी के भाई पप्पू कुमार एवं भतीजे अमित कुमार से कराई गई, जिन्होंने वाहन की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने वाहन को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत उसके मालिक को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दारू थाना पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। वाहन चोरी के मामलों में शामिल अन्य संदिग्धों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।