झारखंड
⚡ BREAKING
भुरकुंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के खरीद-बिक्री गिरोह के तीन आरोपी जेल भेजे गए
मिनी गन फैक्ट्री के खुलासे के बाद लगातार कार्रवाई, हजारीबाग और बिहार से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी।
भुरकुंडा (रामगढ़)। भुरकुंडा पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण एवं खरीद-बिक्री के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। दतो स्थित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा होने के बाद पुलिस ने मामले में लगातार कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को भुरकुंडा पुलिस ने दतो क्षेत्र में संचालित अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री पर छापेमारी कर एक दंपति को गिरफ्तार किया था। दोनों से पूछताछ में मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े तीन आरोपियों को दबोच लिया।
पतरातू भुरकुंडा थाना कांड संख्या 165/2026, दिनांक 8 जुलाई 2026, आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मामले में गिरफ्तार आरोपियों में अनिल विश्वकर्मा (50 वर्ष), निवासी ए.के. कोलियरी दत्तो, भुरकुंडा (स्थायी पता– नवादा, बिहार), इबरार (20 वर्ष), निवासी सरदार रोड, हजारीबाग तथा रईस खान (59 वर्ष), निवासी पेलावल, हजारीबाग (स्थायी पता– मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क से जुड़े हुए थे और प्रारंभिक जांच में इनके तार अन्य लोगों से भी जुड़े होने की आशंका है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
भुरकुंडा पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है तथा गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।