ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

चलकुशा में पुलिस ने छात्रों को साइबर फ्रॉड और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक

Shashi Kant 15 Sep 2026, 03:34 PM 89 views
चलकुशा में पुलिस ने छात्रों को साइबर फ्रॉड और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्रों को किया सतर्क
हजारीबाग। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देशन में चलकुशा थाना पुलिस द्वारा उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, चलकुशा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी चलकुशा ने विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद कर विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव, सामाजिक कुरीतियों के दुष्प्रभाव तथा नशे से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस पदाधिकारी ने बच्चों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने बच्चों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा साइबर अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को जागरूक कर उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना रहा।