झारखंड
⚡ BREAKING
डाड़ी प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर सांसद मनीष जायसवाल ने शोकाकुल परिवारों से की मुलाकात
सड़क दुर्घटना, हत्या एवं अन्य घटनाओं में दिवंगत लोगों को दी श्रद्धांजलि, हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा।
डाड़ी (रामगढ़)। हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को मांडू विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डाड़ी प्रखंड एवं आसपास के विभिन्न गांवों का दौरा कर शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान ग्राम पंचायत बलसगरा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
दौरे के क्रम में सांसद बारलोंग सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले हुवाग पंचायत के कठरेवा गांव निवासी स्व. मनीष कुमार (22) एवं स्व. हेमंत कुमार (28) के ब्रह्मभोज एवं श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इसके बाद सांसद ने अपने पैतृक गांव रबोध में गिरिडीह में पदस्थापित सब-रजिस्ट्रार स्व. बालेश्वर पटेल की हत्या पर उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक व्यक्त किया। वहीं डाड़ी श्मशान घाट पहुंचकर स्व. दुखारी देवी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। गिद्दी-ए में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष चंदन सिंह के पिता स्व. सुरेंद्र सिंह के एकादशा कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया।
रेलिगढ़ा निवासी विकास मालाकार के आकस्मिक निधन पर उनके घर पहुंचकर सांसद ने परिजनों को ढांढस बंधाया। परिजनों द्वारा अस्पताल एवं वाहन चालक की लापरवाही का मुद्दा उठाए जाने पर उन्होंने रामगढ़ थाना प्रभारी से दूरभाष पर बातचीत कर संबंधित वाहन को जब्त करने, चालक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
दौरे के दौरान सांसद ने जरूरतमंद परिवारों को 'नमो श्राद्ध किट' भी प्रदान किया तथा सभी दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री सर्वेश सिंह, सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, अनिल मिश्रा, रंजीत पांडेय, गुंजन साव, राजदीप प्रसाद सहित अनेक जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।