झारखंड
⚡ BREAKING
गिरिडीह के रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या पर आक्रोश, निष्पक्ष जांच व दोषियों की गिरफ्तारी की मांग
"सरकारी अधिकारी की हत्या से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, न्याय की मांग को लेकर लोगों में भारी आक्रोश"
डांडी/हजारीबाग।
डांडी प्रखंड के रबोध निवासी एवं गिरिडीह में रजिस्ट्रार पद पर कार्यरत स्वर्गीय बालेश्वर पटेल की निर्मम हत्या की घटना को लेकर क्षेत्र में गहरा शोक और आक्रोश व्याप्त है। अवकाश पर अपने पैतृक घर आए सरकारी अधिकारी की कथित रूप से 10–12 लोगों द्वारा सामूहिक हमला कर हत्या किए जाने की घटना को कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला बताया गया है।
जारी बयान में कहा गया कि यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि कानून के शासन को खुली चुनौती है। आरोप लगाया गया कि राज्य में अपराधियों के बढ़ते हौसलों के कारण आम लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है। वक्तव्य में कहा गया कि जब एक सरकारी अधिकारी भी अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता स्वाभाविक है।
बयान में राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा गया कि अपराध, स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली और लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण जनता परेशान है। सरकार से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की गई।
साथ ही मांग की गई कि बालेश्वर पटेल हत्याकांड की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज में यह संदेश जाए कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इस दौरान दिवंगत बालेश्वर पटेल के अंतिम संस्कार में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी गई। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।