झारखंड
⚡ BREAKING
घायल बच्चों के लिए देवदूत बने दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह
अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
दारू संवाददाता : (अलोक कुमार )
दारू थाना क्षेत्र के मेढकुरी पुल के समीप साइकिल चलाने के दौरान दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजकर मामले की जांच कराई तथा दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाने का निर्देश दिया।
घटना में घायल सोहेल अंसारी (10 वर्ष), पिता शमीम अंसारी एवं सुशांत कुमार (6 वर्ष), पिता भीम साव, दोनों ग्राम मेढकुरी निवासी हैं। दुर्घटना के बाद दोनों बच्चों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह ने केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाने तक ही खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि स्वयं अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों के परिजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकों से बातचीत कर बच्चों के समुचित एवं बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। जानकारी के अनुसार दोनों बच्चों का सीटी स्कैन कराया जा रहा है तथा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
थाना प्रभारी की इस संवेदनशील पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करना, पीड़ित परिवार से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाना और इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करना एक जिम्मेदार एवं जनहितैषी पुलिस अधिकारी की पहचान है।
ग्रामीणों ने कहा कि मृत्युंजय कुमार सिंह जैसे अधिकारी पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उनकी सक्रियता, संवेदनशीलता और सेवा भावना समाज के लिए प्रेरणादायक है तथा पुलिस की सकारात्मक छवि को और सशक्त बनाती है।