झारखंड
⚡ BREAKING
हजारीबाग में बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार
17 चोरी की मोटरसाइकिल, एक टोटो और दो मोबाइल बरामद; आरोपियों की निशानदेही पर कई ठिकानों पर हुई छापेमारी
हजारीबाग। जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 17 चोरी की मोटरसाइकिल, एक चोरी का टोटो और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को सूचना मिली थी कि जिले में सक्रिय मोटरसाइकिल चोर गिरोह दोबारा चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री कर रहा है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद भाटूसे, मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन तथा सदर एसडीपीओ रूपक कुमार सिंह के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई।
टीम ने छड़वा डैम के ब्रिज क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में बाइक सवार कुछ लोगों को देखा। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे चार लोगों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर करमा, डांटो, केरेडारी बेल चौक सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई। पुलिस के मुताबिक चोरी की मोटरसाइकिलों को कुछ घरों, गैराज और जंगल में छिपाकर रखा गया था। बरामद वाहनों में सुपर स्प्लेंडर, होंडा साइन, प्लेजर, अपाची, पैशन प्रो समेत विभिन्न मॉडल की बाइक शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद हुसैन अंसारी उर्फ दानिश, इरफान अंसारी उर्फ छोटे, मोहम्मद मुन्ना उर्फ ताहिर, तस्लीम अंसारी, सरफराज आलम, पवन कुमार साव और फजरुद्दीन अंसारी उर्फ साहिल उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।