ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

हजारीबाग यूथ विंग ने ट्रैफिक पुलिस जवानों को बांटे रेनकोट

Shashi Kant 28 Jul 2026, 02:37 PM 317 views
हजारीबाग यूथ विंग ने ट्रैफिक पुलिस जवानों को बांटे रेनकोट
बारिश के मौसम में ड्यूटी निभा रहे जवानों के लिए दूसरे चरण में 70 से अधिक रेनकोट वितरित
हजारीबाग: सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय हजारीबाग यूथ विंग की ओर से मंगलवार को सीसीआर परिसर में ट्रैफिक पुलिस जवानों के लिए रेनकोट वितरण कार्यक्रम के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बारिश के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराना था, ताकि वे प्रतिकूल मौसम में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन बेहतर ढंग से कर सकें। इस अवसर पर 70 से अधिक ट्रैफिक पुलिस जवानों के बीच रेनकोट का वितरण किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मो. अरमानुल हक उपस्थित रहे। उन्होंने हजारीबाग यूथ विंग के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि समाज और पुलिस के बीच सहयोग की भावना से ऐसे कार्यक्रम न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। कार्यक्रम में यूथ विंग के पदाधिकारी सेजल सिंह वरसादे एवं रितेश खंडेलवाल सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बारिश के मौसम में ट्रैफिक पुलिस के जवान लगातार सड़कों पर रहकर अपनी सेवाएं देते हैं। ऐसे में उन्हें रेनकोट उपलब्ध कराना संगठन की ओर से एक छोटा-सा सम्मान और सहयोग है। कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक पुलिस जवानों ने भी यूथ विंग के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इस तरह की पहल से ड्यूटी के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। हजारीबाग यूथ विंग ने भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।