झारखंड
⚡ BREAKING
मुहर्रम को लेकर हजारीबाग पुलिस अलर्ट, अपराधियों पर चलेगा विशेष अभियान
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, अवैध खनन व नशा कारोबार पर सख्ती, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
हजारीबाग, 12 जून। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हजारीबाग ने शुक्रवार को जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने मुहर्रम के दौरान पूर्व में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी जुलूसों की सूची तैयार कर उन पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित मामलों का 60 दिनों के भीतर निष्पादन करने तथा वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की-जब्ती की लंबित कार्रवाई के निष्पादन के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया गया। अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री वाले स्थलों को चिन्हित कर संबंधित आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा संगठित अपराध गिरोहों, अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
वहीं, पुलिस महानिरीक्षक उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र, बोकारो ने भी जिले के सभी पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर एनडीपीएस, संगठित अपराध, एससी-एसटी मामलों, गुमशुदगी और अन्य गंभीर कांडों के त्वरित निष्पादन पर बल दिया। उन्होंने थानों में आने वाले आम नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं का विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों को मुहर्रम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी संवेदनशील सूचना की तत्काल वरीय अधिकारियों को जानकारी देने का निर्देश दिया गया है। बैठक के माध्यम से स्पष्ट संकेत दिया गया कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ आने वाले दिनों में व्यापक कार्रवाई की जाएगी।