झारखंड
⚡ BREAKING
मत्स्य विभाग परिसर में मिला लहूलुहान शव, इलाके में फैली सनसनी
अज्ञात व्यक्ति की नहीं हो सकी पहचान, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हजारीबाग, संवाददाता।
हजारीबाग शहर स्थित मत्स्य विभाग परिसर में सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव परिसर के अंदर पड़ा हुआ था, जिसे सबसे पहले मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार ने देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।