झारखंड
⚡ BREAKING
पदमा में ब्राउन शुगर और गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
रेलवे ओवरब्रिज पर पुलिस की कार्रवाई, बाइक और कार भी जब्त; एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
हजारीबाग। पदमा ओपी क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 15 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर और 350 ग्राम गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल और एक होंडा सिटी कार भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की शाम करीब 6:30 बजे पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को सूचना मिली थी कि ग्राम गारू करहा रेलवे ओवरब्रिज के पास कुछ लोगों द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गारू करहा रेलवे ओवरब्रिज के पास लखनिन्द्र कुमार डांगी, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी ग्राम ढोढ़ी, थाना मयूरहंड, जिला चतरा को 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ पकड़ा। वहीं विशाल कुमार यादव, उम्र करीब 21 वर्ष, निवासी ग्राम मेलकाना, थाना चौपारण, जिला हजारीबाग को 350 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आरोपी ने पुलिस को बताया कि यह मादक पदार्थ उसने सुरेन्द्र डांगी, निवासी ढोढ़ी, थाना मयूरहंड, जिला चतरा से खरीदा था। पुलिस ने इस मामले में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 279/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि नामजद आरोपी सुरेन्द्र डांगी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। जब्त सामान में 15 ग्राम ब्राउन शुगर, 350 ग्राम गांजा, हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH02AT-1528) और होंडा सिटी कार (JH10AX-8591) शामिल हैं।