झारखंड
⚡ BREAKING
रामगढ़ में पुलिस-गैंगस्टर मुठभेड़, प्रिंस खान गैंग का शूटर गिरफ्तार
संयुक्त अभियान में आरोपी के पैर में लगी गोली, दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल बरामद; रांची, धनबाद व रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रामगढ़, प्रतिनिधि। रामगढ़ जिले के भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह रांची, धनबाद और रामगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के शूटर शिवा उर्फ शिवराज के साथ मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार, रांची और धनबाद पुलिस से सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह का एक अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में रामगढ़ क्षेत्र में हथियारों के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर तीनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चार हथियार होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामद कराने के लिए भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित रिवरसाइड केंद्रीय विद्यालय के पास लेकर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे घायल कर काबू में कर लिया।
घटनास्थल से दो पिस्टल, 59 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के एक अन्य साथी को भी हिरासत में लिया है, जिसके पास से भी हथियार बरामद होने की बात कही जा रही है।
मौके पर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत तथा पतरातू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघवेंद्र शर्मा ने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूनायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शिवा उर्फ शिवराज पहले राहुल दुबे गैंग समेत अन्य आपराधिक गिरोहों के लिए भी काम कर चुका है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क तथा अन्य सहयोगियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।