झारखंड
⚡ BREAKING
सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर, भू-माफियाओं में मचा हड़कंप
कटकमदाग प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों को दी सख्त चेतावनी
हजारीबाग, प्रतिनिधि। सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कटकमदाग प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया। अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे कानून के राज और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा की दिशा में अहम कदम बताया।
जानकारी के अनुसार, कटकमदाग अंचल के सुल्ताना मौजा, थाना संख्या-91, गैर मजरूआ खास खाता संख्या-112, प्लॉट संख्या-1789 की सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा होने की शिकायत मिल रही थी। जांच के बाद संबंधित लोगों को कई बार नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने और अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया।
इसके बाद उपायुक्त हजारीबाग हेमंत सती के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण हटाए और सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया। पूरी कार्रवाई प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शांतिपूर्ण और विधिसम्मत ढंग से संपन्न हुई।
अंचलाधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान ने कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर रखा है, वे स्वयं कब्जा हटा लें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि इस तरह नियमित रूप से अभियान चलता रहा तो सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों पर प्रभावी रोक लगेगी और विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध हो सकेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और कानून का पालन सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।