झारखंड
⚡ BREAKING
टंडवा में बवाल, पुलिस पर पथराव में थाना प्रभारी घायल
स्थिति नियंत्रित करने को पुलिस ने की हवाई फायरिंग, सिदपा गांव में भारी पुलिस बल तैनात
चतरा/टंडवा। टंडवा थाना क्षेत्र के सिदपा गांव में बुधवार को कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद की सूचना पर स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर उग्र भीड़ ने पथराव कर दिया। घटना में टंडवा थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक पप्पू शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए एनटीपीसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि पथराव में उनके सिर और हाथ में चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में प्रेमी युगल के मिलने की सूचना के बाद कुछ लोग एक स्थान पर जुट गए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर प्रेमी युगल को जबरन अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। इसकी सूचना मिलने पर दूसरे गुट के लोग मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद हिंसक झड़प शुरू हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर टंडवा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई।
घटना के बाद सिदपा गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की भारी तैनाती की गई है। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बड़वार और चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में स्पेशल फोर्स को भी मौके पर भेजा गया है। आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और बिना पुष्टि के भ्रामक सूचना प्रसारित नहीं करने की अपील की है। मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।