ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

दिनदहाड़े सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर हमलावर फरार

Shashi Kant 06 Sep 2026, 05:49 AM 253 views
दिनदहाड़े सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर हमलावर फरार
कमर में लगी गोली, गंभीर हालत में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पदमा (हजारीबाग)। पदमा प्रखंड के सूर्यपूरा में रविवार सुबह बाइक सवार अज्ञात हमलावर ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारकर घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घायल की पहचान सूर्यपूरा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक रामजय महथा के रूप में हुई है। गोली उनकी कमर में लगी है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, रामजय महथा रविवार सुबह करीब 8:30 बजे सूर्यपूरा मेडिकल चौक के समीप दाढ़ी बनवाने गए थे। दाढ़ी बनवाने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर सवार एक हमलावर पहुंचा और कथित रूप से उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही शिक्षक घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावर की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इधर, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर छापामारी किए जाने की जानकारी है। हालांकि, सेवानिवृत्त शिक्षक को गोली मारने के पीछे क्या वजह है, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और हमलावर की पहचान के प्रयास जारी हैं।