ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

13 माइल गोलीकांड का खुलासा: प्रिंस खान गिरोह से जुड़े संदिग्ध ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

Shashi Kant 08 Aug 2026, 04:12 AM 369 views
13 माइल गोलीकांड का खुलासा: प्रिंस खान गिरोह से जुड़े संदिग्ध ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
बड़कागांव। 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर हुई गोलीबारी के मामले में बड़कागांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, मामले में संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय, पिता अरुण कुमार पांडेय, ग्राम पिपराडीह को पूछताछ के लिए थाना लाया गया था। पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच में Telegram के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान एवं उसके कथित गिरोह K.S.S. के सदस्यों से बातचीत सामने आने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने 25 जुलाई की रात 13 माइल स्थित ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने अन्य साथियों के साथ गोलीबारी करने तथा प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पिपराडीह गांव के समीप बंद पड़े गैस प्लांट से घटना में इस्तेमाल हथियार और बम बरामद करने के लिए पुलिस टीम पहुंची थी। पुलिस के अनुसार, बरामदगी के दौरान आरोपी ने अचानक एक पुलिस जवान को धक्का दिया और बरामद पिस्तौल से पुलिस बल की ओर फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे पकड़कर इलाज के लिए बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देशी बम तथा चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं। गौरतलब है कि 25 जुलाई 2026 की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाईवा वाहनों पर गोलीबारी की घटना हुई थी। मामले को लेकर बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और कथित गिरोह से उसके संबंधों की जांच कर रही है।