झारखंड
⚡ BREAKING
ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी के नाम पर साइबर ठगी, पांच गिरफ्तार
फर्जी आई-कार्ड और दस्तावेजों के सहारे लोगों को बनाते थे निशाना, 11 मोबाइल और लैपटॉप बरामद
हजारीबाग। बाबा पथ हुरहुरु इलाके में किराये के मकान में रहकर कथित तौर पर साइबर ठगी करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर लोगों से मोटी रकम की ठगी की जा रही थी। मामले में पुलिस ने 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, फर्जी आई-कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाबा पथ हुरहुरु स्थित एक किराये के मकान में रहने वाले कुछ लोगों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने छापेमारी टीम गठित की। टीम ने रामेन्द्र कुमार सिन्हा के मकान की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद पांच लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की मदद से सभी को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टाटा पावर ईवी चार्जिंग स्टेशन के नाम से बने फर्जी आई-कार्ड तथा कई संदिग्ध कागजात बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर ईवी चार्जिंग स्टेशन की फ्रेंचाइजी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रकम लेने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत कुमार (21), संजीव कुमार (19), संटु कुमार (34), प्रवीण कुमार (51) और राजू कुमार (21) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितने लोगों को अपना निशाना बनाया और ठगी के इस नेटवर्क का दायरा कितना बड़ा है। मामले में आगे की जांच जारी है।