झारखंड
⚡ BREAKING
म्यूटेशन के एवज में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते राजस्व कर्मचारी गिरफ्तार
एसीबी हजारीबाग की ट्रैप टीम ने चतरा सदर अंचल में की कार्रवाई, 35 हजार रुपये मांगी गई थी रिश्वत
हजारीबाग/चतरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), प्रमंडलीय कार्यालय हजारीबाग की ट्रैप टीम ने मंगलवार को चतरा सदर अंचल में बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद उर्फ सतीश सिन्हा को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कर्मचारी पर जमीन के दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के एवज में 35 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
मामले में गिद्धौर प्रखंड के नयाखाप निवासी तुलसी यादव (46) ने एसीबी के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार तुलसी यादव ने अपनी पत्नी अंगरी देवी के नाम से चतरा प्रखंड के असढ़ीया गांव में खाता संख्या 20, प्लॉट संख्या 459 में 20 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जमीन के दाखिल-खारिज के लिए सदर अंचल के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद से संपर्क करने पर कथित तौर पर 35 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई।
रिश्वत देने के इच्छुक नहीं होने पर परिवादी ने एसीबी से शिकायत की। शिकायत के बाद ब्यूरो ने तकनीकी उपकरणों के माध्यम से मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन में राजस्व कर्मचारी द्वारा पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर एसीबी हजारीबाग थाना में 14 सितंबर 2026 को कांड संख्या 09/2026 दर्ज किया गया।
इसके बाद दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र सरकारी गवाहों की मौजूदगी में मंगलवार को ट्रैप टीम ने जाल बिछाया। जैसे ही परिवादी ने राजस्व कर्मचारी को 15 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी सतीश प्रसाद (57), पिता स्व. सुरेश प्रसाद, ग्राम गुली, पोस्ट पितीज, थाना इटखोरी, जिला चतरा का निवासी बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को हजारीबाग ले आई, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।