झारखंड
⚡ BREAKING
17 पेटी अवैध शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, हुंडई कार जब्त
चतरा-गया मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान कार्रवाई, बिहार भेजी जा रही थी शराब की खेप
चतरा: चतरा पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 पेटी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक हुंडई कार को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के हरहद गांव निवासी सोनू कुमार यादव के रूप में हुई है। इस संबंध में सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में थाना प्रभारी अवधेश कुमार सिंह ने जानकारी दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा से बिहार अवैध शराब की एक बड़ी खेप भेजी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया और चतरा-गया मुख्य मार्ग स्थित संगरी घाटी के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध हुंडई कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 17 पेटियों में छिपाकर रखी गई कुल 408 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इसके बाद वाहन चालक सोनू कुमार यादव को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया तथा कार को जब्त कर लिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी तथा इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।