झारखंड
⚡ BREAKING
अवैध कोयला कारोबार पर CISF की बड़ी कार्रवाई, 256.71 टन कोयला जब्त
दुर्गम वन क्षेत्र में 13 घंटे चला अभियान, ड्रोन से निगरानी कर तीन गांवों में की गई छापेमारी
हजारीबाग। अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 256.71 टन अवैध कोयला बरामद किया है। विश्वसनीय सूचना के आधार पर 26 अगस्त की दोपहर से 27 अगस्त की तड़के सुबह तक चले इस अभियान में 100 से अधिक CISF जवानों की विभिन्न टीमों को लगाया गया था।
CISF NTPC-CMP हजारीबाग की यह कार्रवाई वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन, उप कमांडेंट सुरेश के नेतृत्व तथा सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा की मौजूदगी में की गई। अभियान हजारीबाग से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम वन क्षेत्र के जोराकाट, चपरी और सेहंदा गांव में चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान संदिग्ध एवं चिन्हित स्थानों पर सघन छापेमारी, तलाशी और जांच की गई। दुर्गम जंगलों में अवैध गतिविधियों की पहचान के लिए CISF ने ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया। ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी कर संदिग्ध स्थानों को चिन्हित किया गया, जिसके बाद जमीनी टीमों ने वहां पहुंचकर कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान तीनों क्षेत्रों में स्थित अवैध कोयला भंडारण स्थलों से बड़ी मात्रा में कोयला बरामद हुआ। बरामद कोयले को 10 हाइवा वाहनों के माध्यम से NTPC के कांटा घर तक पहुंचाया गया, जहां उसका विधिवत वजन कराया गया। वजन के बाद कुल 256.71 टन कोयला बरामद होने की पुष्टि हुई।
CISF के अनुसार, जब्त कोयले को सुरक्षित स्टॉक क्षेत्र में रखा गया है। रात में अभियान और परिवहन की कार्रवाई पूरी होने के कारण बरामद कोयले का तत्काल मूल्यांकन नहीं किया जा सका।
CISF ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा संदिग्ध क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर अवैध कारोबार से जुड़े लोगों और नेटवर्क के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।