झारखंड
⚡ BREAKING
हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1452 किलो डोडा, 307 किलो गांजा और 5000 मिली कफ सिरप कराया गया नष्ट
एसपी के निर्देश पर विभिन्न थानों के मालखानों में जब्त मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से किया गया विनष्टीकरण
हजारीबाग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के विभिन्न थानों में जब्त भारी मात्रा में मादक पदार्थों का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर शुक्रवार को बरही, चौपारण, चरही एवं कटकमदाग थाना के मालखानों में लंबे समय से सुरक्षित रखे गए नशीले पदार्थों को लोहरदगा स्थित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट, इंडस्ट्रियल एरिया में वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक (सीवीओआर) के नेतृत्व में संपन्न हुई। विनष्ट किए गए मादक पदार्थों में 1452.200 किलोग्राम डोडा, 307.700 किलोग्राम गांजा तथा 5000 मिलीलीटर कफ सिरप शामिल है। सभी पदार्थ न्यायालय एवं विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट किए गए।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जब्त मादक पदार्थों के सुरक्षित एवं पारदर्शी विनष्टीकरण से न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि इनके दोबारा अवैध उपयोग की संभावना भी पूरी तरह समाप्त होगी।
हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री या सेवन की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।