झारखंड
⚡ BREAKING
कटकमसांडी में घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी
सोने-चांदी के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद ले गए अज्ञात चोर, पुलिस से कार्रवाई की मांग
हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर मायापुर निवासी ममता देवी, उम्र करीब 43 वर्ष, पति दिनेश्वर प्रसाद ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 13 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे ममता देवी अपने बड़े भैसुर नागेश्वर साहू के घर में सोने चली गई थीं। घर के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया गया था। 14 अगस्त की सुबह करीब 5 बजे जब वह वापस अपने घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।
घर के अंदर जाने पर देखा कि कमरे में रखे गोदरेज, बक्सा और पलंग का भी ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर सोने के आभूषण, जिनमें गले का हार, मंगलसूत्र, झुमका, मांगटीका और अंगूठी शामिल बताए गए हैं, गायब मिले। आवेदन में सोने के आभूषणों का कुल वजन करीब 40 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
इसके अलावा करीब 270 ग्राम वजन की चांदी की पायल और घर में रखे 10 हजार रुपये नकद भी गायब मिले। पीड़िता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सामान की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।