झारखंड
⚡ BREAKING
पत्नी के प्रेम-प्रसंग के विवाद के बाद पति की मौत, ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
शव घर पहुंचते ही पत्नी और उसका भाई समेत कई लोग फरार, आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर कार्रवाई की मांग की
कटकमदाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र के कटकमदाग गांव में शंकर कुमार महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने उसकी पत्नी शारदा देवी और उसके भाई रोशन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि शारदा देवी का बानादाग निवासी आकाश कुमार के साथ कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद था।
परिजनों के अनुसार, करीब दस दिन पहले शारदा देवी और आकाश कुमार को संदिग्ध परिस्थिति में साथ देखे जाने के बाद गांव में हंगामा हुआ था। इसके बाद पंचायत भी हुई थी। पंचायत में शंकर कुमार महतो ने अपनी पत्नी और बच्चे के साथ रहने की बात कही थी।
बताया गया कि 11 अगस्त को शंकर अपनी पत्नी को बाजार से खरीदारी कराने के बाद घर लेकर आया था। रात करीब नौ बजे आकाश कुमार का कथित तौर पर फोन आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया। मृतक के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान शारदा देवी और उसके भाई रोशन ने शंकर के साथ मारपीट की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मौत की वास्तविक वजह पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी।
12 अगस्त को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शंकर का शव घर लाया गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद शारदा देवी, रोशन समेत ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से चले गए।
मृतक के भाई गणेश के शाम करीब सात बजे कश्मीर से घर पहुंचने के बाद घटना की जानकारी मिली। ससुराल पक्ष के लोगों के नहीं मिलने पर आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दिया। करीब रात एक बजे तक जाम रहा। कटकमदाग थाना पुलिस के लिखित और मौखिक आश्वासन के बाद जाम हटाया गया।
परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आएगी।