झारखंड
⚡ BREAKING
रांची में योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन, सुबह-शाम चलेंगी योग की कक्षाएं
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया उद्घाटन, वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सत्र और योग शिक्षक प्रशिक्षण की भी होगी व्यवस्था
रांची। शहर के मोराबादी स्थित हरिहर सिंह रोड पर रविवार को योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का शुभारंभ केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ के हाथों दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर संजय सेठ ने सेंटर के संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि शहर में ऐसे आधुनिक योग एवं वेलनेस सेंटर की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। यह केंद्र लोगों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समारोह में डिप्टी मेयर नीरज कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता ललित नारायण ओझा, भाजयुमो अध्यक्ष शशांक राज, प्रदेश प्रवक्ता बबन बैठा, प्रदेश कार्यालय मंत्री संजय महतो, विवेक कुमार, डॉ. रेणु कुमारी, अखिलेश, ईश्वरचंद्र, प्रशांत कुमार, विकास, प्रह्लाद भगत, सीमा सिंह सहित शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
योगामृत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की संचालिका डॉ. संतोषी साहू ने बताया कि केंद्र में योग की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा सुबह और शाम दोनों समय नियमित योग कक्षाएं संचालित होंगी। वहीं, सेंटर के संचालक डॉ. मनीष ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा इच्छुक युवाओं के लिए योग टीचर ट्रेनिंग कोर्स भी शुरू किया जाएगा, जिससे वे योग के क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम के अंत में अतुल शौर्य ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उद्घाटन समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।