झारखंड
⚡ BREAKING
स्व. सुरेंद्र पासवान की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन, विधायक प्रदीप प्रसाद हुए शामिल
रक्तदान को बताया महादान, युवाओं से स्वेच्छा से आगे आने की अपील
हजारीबाग (दारू)। दारू प्रखंड के पुराना दुर्गा मंडप स्थित बाजार परिसर के समीप सामाजिक रिश्ता संस्था द्वारा स्वर्गीय सुरेंद्र पासवान की स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक प्रदीप प्रसाद मुख्य रूप से शामिल हुए।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्वर्गीय सुरेंद्र पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. सुरेंद्र पासवान ने अपना जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित किया और उनके आदर्श आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। उन्होंने सभी स्वस्थ लोगों से समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की।
उन्होंने सामाजिक रिश्ता संस्था की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जनहित और मानव सेवा से जुड़े आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को मजबूत करते हैं। विधायक ने रक्तदान करने वाले युवाओं, स्वयंसेवकों तथा आयोजन से जुड़े सभी पदाधिकारियों और सहयोगियों का अभिनंदन करते हुए विश्वास जताया कि शिविर में एकत्रित रक्त अनेक जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि दिलीप साहू, दारू प्रखंड कार्यालय विधायक प्रतिनिधि रौशन सिन्हा, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश साहू, जिला परिषद सदस्य गीता देवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष बसंत राणा, राजन सिन्हा, राजकुमार दास, विकास कश्यप, महावीर ठाकुर, सचिन गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।