झारखंड
⚡ BREAKING
तमाड़ में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार
रांची पुलिस की छापेमारी में 15 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹1.70 लाख नकद, दो डिजिटल वजन मशीन और मोबाइल बरामद, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई।
रांची पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 15 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹1.70 लाख नकद, दो डिजिटल वजन मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22 और 29 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन और बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान बंगाली टोला स्थित राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर के पास से एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में उसके पास से करीब तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्ता मलिक से खरीदी थी।
इसके बाद पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर की तलाशी ली, जहां से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो डिजिटल वजन मशीन, एक की-पैड मोबाइल और ₹1.70 लाख नकद बरामद किए गए। ब्राउन शुगर से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा शिव दत्ता मलिक (29 वर्ष), निवासी बंगाली टोला, तमाड़ तथा आशिक खान (24 वर्ष), निवासी हटिया, रांची (वर्तमान पता पावर हाउस, बुंडू) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।